बारिश-बाढ़ और भूकंप, आपदाओं से चीन पस्त

बारिश-बाढ़ और भूकंप, आपदाओं से चीन पस्त
Facebooktwitterredditpinterestlinkedinmail

पेइचिंग
चीन इन दिनों प्रकृति के कहर से जूझ रहा है। लगातार हो रही भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से 52 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। जिसके बाद 4 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है। वहीं, रविवार को उत्तर-पूर्वी शहर तंगशान आए भूकंप ने लोगों को पिछले हादसे की याद दिलाकर और डरा दिया है। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.1 मापी गई। हालांकि, इस भूकंप में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

दक्षिण चीन में भारी बारिश से लाखों लोग प्रभावित
दक्षिण चीन के कई प्रांतों में लगातार भारी बारिश की वजह से नदी का जल स्तर काफी बढ़ गया है। बाढ़ की रोकथाम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। शनिवार को चार हाइड्रोलॉजिकल स्टेशनों का जल स्तर वर्ष 1998 के सर्वोच्च स्तर से ऊंचा रहा। चीन के च्यांगशी प्रांत के पोयांगहू झील घाटी में भारी बारिश और बाढ़ से 52.1 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

बाढ़ से लाखों हेक्टेयर फसल तबाह
चीन की सरकारी मीडिया के अनुसार 4.3 लाख लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ के कारण 4.5 लाख हेक्टेयर में कृषि उत्पाद प्रभावित हुए हैं। च्यांगशी प्रांत के अलावा, हूपेई और हूनान प्रांत में भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। नागरिकों की जान-माल सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय सरकार ने लोगों को सुरक्षित जगह स्थानांतरित कर दिया है।

भूकंप से कांपा उत्तर पूर्वी चीन
चीन के उत्तर-पूर्वी शहर तंगशान में रविवार को 5.1 तीव्रता का भूकंप आया। हालांकि, इसमें किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। चीन की समाचार एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार भूकंप की वजह से बीजिंग से 160 किलोमीटर दूर स्थित तंगशान जाने वाली रेल सेवाओं पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है और नुकसान की आशंका से पटरियों का निरीक्षण किया जा रहा है।

10 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र
चीन भूकंप नेटवर्क केंद्र ने बताया कि भूकंप सुबह छह बजकर 38 मिनट पर आया जो 10 किलोमीटर की गहराई पर केंद्रित था। इसके बाद सात बजकर दो मिनट पर 2.2 तीव्रता का भूकंप का दूसरा झटका आया। इतिहास की सबसे भीषण प्राकृतिक आपदाओं में से एक में, तंगशान में 1976 में आए भूकंप ने कम से कम 2,42,000 लोगों की जान ले ली थी।

Facebooktwitterredditpinterestlinkedinmail

WatchNews 24x7

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *